दुनिया की नजरें ही नहीं भरोसा भी भारत पर: मोदी

 नयी दिल्ली/ टोक्यो (आपकासमाचार)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के जापान दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने टोक्यो में भारत-जापान ज्वाइंट इकोनॉमिक फोरम की बैठक को संबोधित किया। मोदी ने अपने भाषण में भारत को निवेश के लिए सबसे बेहतर बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया की नजरें ही नहीं, भरोसा भी भारत पर है। मोदी ने कहा कि जापान टेक्नोलॉजी में पावरहाउस है, तो वहीं भारत टैलेंट का पावरहाउस है। टेक्नोलॉजी और टैलेंट ही नेतृत्व कर सकते हैं। भारत और जापान में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।

डिजिटल पार्टनरशिप 2.0 पर काम शुरू: प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारा ज्वाइंट क्रेडिट मेकेनिज्म एनर्जी के लिए एक बड़ी जीत है। यह ग्रीन एनर्जी पार्टनरशिप हमारी अर्थव्यवस्था की तरह मजबूत है। इसी दिशा में हम सस्टेनेबल फ्यूल और बैटरी सप्लाई चेन पार्टनरशिप भी शुरू कर रहे हैं। इसके साथ ही मोदी ने दोनों देशों के लिए हाइ टेक्नोलॉजी सेक्टर में सहयोग बढ़ाने और प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस मामले में डिजिटल साझेदारी 2.0 और एआइ सहयोग पर काम किया जा रहा है। सेमीकंडक्टर और रेयर अर्थ मटेरियल हमारे एजेंडे में सबसे ऊपर हैं।

इशिबा बोले, 6 साल पहले वाराणसी गया था: जापानी पीएम इशिबा ने कहा कि 6 साल पहले मुझे वाराणसी जाने का सौभाग्य मिला था। वहां मैं भारतीय इतिहास को देखकर हैरान रह गया था। मोदी और इशिबा की मौजूदगी में दोनों देशों के विदेश सचिवों ने हाइड्रोजन-अमोनिया और खनिज से जुड़े समझौते (एमओयू) की फाइल का आदान-प्रदान किया।                                                                                                                                                    6 लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य                                                                                                         
मोदी ने कहा कि हमने अगले 10 सालों में जापान ने भारत में 10 ट्रिलियन येन (करीब 6 लाख करोड़ रुपये) के निवेश का लक्ष्य रखा है। भारत और जापान के छोटे और मध्यम उद्योग (एमएसएमइ) और स्टार्टअप को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जायेगा। बताते चलें कि बतौर प्रधानमंत्री यह मोदी की 8वीं जापान यात्रा है। स्थानीय कलाकारों ने टोक्यो के होटल में प्रधानमंत्री का गायत्री मंत्र से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात की। मोदी ने कहा कि भारत और जापान की साझेदारी भरोसे पर बनी है। उन्होंने कहा कि हम अपने लोगों और दुनिया के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि का साझा सपना लेकर चल रहे हैं। इसके साथ ही मोदी ने अगले भारत-जापान समिट के लिए जापान के पीएम इशिबा को भारत आने का न्योता दिया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.