देवघर। सदर अस्पताल देवघर में रविवार अहले सुबह 26 वर्षीय मोनिका कुमारी पति अरविंद ठाकुर की मौत इलाज के क्रम में हो गयी। मृतक जसीडीह थाना क्षेत्र के पुवारी कोठिया निवासी हैं। इस संबंध में मृतका के पति अरविंद ठाकुर ने जानकारी देते हुये कहा कि शनिवार को उसे प्रसव पीड़ा होने के कारण इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंच थे। दिनभर सभी डॉक्टरी इलाज और जांच के बाद देर शाम को डॉक्टर ने उसे प्रसव कक्ष में भर्ती किया था। मध्य रात्रि में प्रसव होने के बाद उसकी अचानक तबीयत खराब हो गयी। डॉक्टर से लेकर एएनएम तक को सूचना दी गयी लेकिन किसी ने गंभीरता से नहीं ली। रात तकरीबन 2:30 बजे एक एएनएम ने वहां पहुंचकर मरीज को देखा तो उसकी हालत खराब हो चुकी थी। इसके बाद सदर अस्पताल उपाधीक्षक से संपर्क कर उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। रेफर करने से पूर्व पत्नी की मौत
हो चुकी थी : आक्रोशित पति ने बताया कि रेफर करने से पूर्व पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद भी डॉक्टर ने उसे रेफर कर दिया। देवघर के कई अस्पतालों में लेकर गये परंतु किसी ने भर्ती नहीं लिया, सभी ने मौत होने की जानकारियां दी। इसके बाद महिला के परिजन सदर अस्पताल पहुंचकर हो हंगामा किया। परिजनों ने डॉक्टर और स्वास्थ कर्मचारी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सूचना नगर थाना प्रभारी को दे दी है। इधर पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम करने की तैयारी कर रहे हैं।
