20 रुपये के लिए युवक को मौत के घाट उतारा ,18 बार चाकू से गोदा फिर गला रेता

 इंदौर, एजेंसी। मध्य प्रदेश के इंदौर में इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। मोबाइल फोन और 20 रुपये लूटने के लिए एक 45 वर्षीय व्यक्ति की निर्मम हत्या कर दी गई। घटना 12 फरवरी की है, जब बाणगंगा थाना क्षेत्र के एमआर- 4 मार्ग पर उसका शव बरामद हुआ। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मामूली लूट के इरादे से की गई इस वारदात में आरोपियों ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं। युवक को 18 बार चाकू से गोदा गया। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया है। जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के देवरघाट शक्ती निवासी 45 वर्षीय खोजीराम नारंगे की मोबाइल फोन और महज 20 रुपये लूटने के लिए हत्या कर दी गई। खोजीराम इंदौर में लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन के सामने किराए से रहता था और पोलोग्राउंड स्थित एक कलर लैब में बाइंडिंग का काम करता था। 12 फरवरी को बाणगंगा थाना क्षेत्र के एमआर- 4 मार्ग पर उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुलिस ने रेडवाल कॉलोनी निवासी आर्यन उर्फ लड्डू वर्मा और भागीरथपुरा निवासी भरत वर्मा को गिरफ्तार किया है।

दोनों आरोपियों की उम्र 20 और 21 वर्ष बताई जा रही है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दो चाकू, 20 रुपये नकद, एक बाइक, टूटा हुआ मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पूछताछ में

आरोपियों ने बताया कि घटना की रात खोजीराम शराब के नशे में था। उन्होंने उसे लूटने के इरादे से रोका, लेकिन जब उसने पुलिस में रिपोर्ट करने की बात कही तो आर्यन ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शरीर पर कई वार करने के बाद उसका गला भी रेत दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि खोजीराम अपने भाई से 100 रुपये लेकर शराब

खरीदने गया था और 80 रुपये की शराब लेने के बाद लौट रहा था। इसी दौरान वाइन शॉप के पास से आरोपी उसके पीछे लग गए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने भागीरथपुरा से एक युवक से पूछताछ की,

जिसने बताया कि देर रात आर्यन और भरत उसके घर आए थे और पानी व सुई मांगी थी। पुलिस को शक हुआ कि सुई का इस्तेमाल सिम कार्ड निकालने के लिए किया गया होगा। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने मोबाइल और सिम कार्ड तोड़कर फेंक दिए थे। पुलिस के अनुसार दोनों कुछ दिन पहले राजस्थान में खाटू श्याम दर्शन कर लौटे थे और वहीं से चाकू खरीदकर लाए थे। वारदात के दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला किया और हत्या कर फरार हो गए थे। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.